नवी मुंबई | 7 जुलाई 2025
नवी मुंबई के ऐरोली प्रभाग क्रमांक 21 का प्रतिनिधित्व करने वाले भाजपा ऐरोली तालुका महामंत्री सुदर्शन जिरगे ने ऐरोली सेक्टर 7 स्थित सूफी संत उद्यान को नागरिकों के लिए तत्काल शुरू करने की मांग नवी मुंबई महानगरपालिका प्रशासन से की है। उन्होंने मनपा को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि “थीम पार्क” के नाम पर बना यह उद्यान पिछले 2-3 वर्षों से बंद पड़ा है, जिससे नागरिकों में गहरा असंतोष और नाराजगी व्याप्त है।
लंबे समय से बंद है उद्यान, नागरिकों को भारी असुविधा
सुदर्शन जिरगे ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2023 में इस मुद्दे को लेकर लगातार फॉलोअप किया था, जिसके बाद यह उद्यान एक बार शुरू किया गया था। लेकिन स्वच्छता की घोर अनदेखी और मनपा अभियंता विभाग द्वारा इसे अभी तक उद्यान विभाग को हस्तांतरित न किए जाने के कारण यह पुनः बंद हो गया।
उन्होंने कहा कि यह उद्यान क्षेत्र के नागरिकों के लिए सुबह-शाम टहलने, योगासन, व्यायाम और बच्चों के खेलने के लिए एक महत्वपूर्ण स्थल है। मगर मनपा प्रशासन की लापरवाही के चलते यह उद्यान आज धूल और गंदगी से भरा पड़ा है।
कचरे का अंबार, पेड़-पत्तियों के ढेर
जिरगे ने बताया कि उद्यान के चारों ओर जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, सूखे पेड़ और पत्तियाँ सड़ रहीं हैं, जिससे न केवल पर्यावरणीय प्रदूषण हो रहा है, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी उत्पन्न हो गए हैं। नागरिकों को घूमने और बच्चों को खेलने का कोई साफ-सुथरा स्थान उपलब्ध नहीं है।
मनपा की नीतियों पर उठाए सवाल
सुदर्शन जिरगे ने नवी मुंबई मनपा प्रशासन पर जनहित के कार्यों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा,
“मनपा को यदि नागरिकों की सुविधाओं और ज़रूरतों की कोई परवाह होती, तो यह उद्यान वर्षों से बंद न पड़ा होता। मनपा को टेंडर में रुचि है, न कि नागरिकों के भले में।”
जल्द शुरू न किया गया तो आंदोलन की चेतावनी
सुदर्शन जिरगे ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सूफी संत उद्यान को तुरंत शुरू नहीं किया गया, तो वे नागरिकों के साथ मिलकर मनपा के खिलाफ उग्र आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सामान्य नागरिकों के अधिकारों का हनन है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह मामला नवी मुंबई महानगरपालिका के प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। अब देखना यह होगा कि मनपा इस चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेती है और सूफी संत उद्यान को नागरिकों के लिए कब तक पुनः चालू करती है।














Leave a Reply