एनएमएमटी परिवहन प्रबंधक नियुक्ति विवाद: सभागृह नेता सागर नाईक ने प्रशासन को लिया रडार पर
नवी मुंबई महानगरपालिका परिवहन उपक्रम में परिवहन प्रबंधक योगेश कडुसकर के तबादले के बाद आननफानन में नवी मुंबई मनपा आयुक्त डॉ कैलाश शिंदे ने परिवहन प्रबंधक पद पर उपायुक्त भागवत डोईफोडे की प्रशासकीय नियुक्ति कर दी थी। प्रबंधक नियुक्त को लेकर परिवहन समिति के अधिकार पर आयुक्त के हस्त्क्षेप का विरोध करते हुए, शुक्रवार संपन्न परिवहन समिति की बैठक में परिवहन प्रबंधक पद पर उमाकांत जंगले की नियुक्ति की गयी थी। इसी का प्रस्ताव महसभा बैठक में “तत्काल विषय क्रमांक 6” के तहत मंजूरी के लिए पटल पर रखा गया।
इस प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सभागृह नेता सागर नाईक ने नियमों को ताक पर रखकर आयुक्त द्वारा परिवहन प्रबंधक पद पर उपायुक्त भागवत डोईफोडे की प्रशासकिय नियुक्ति को लेकर मनपा आयुक्त और अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए, नवी मुंबई महानगरपालिका अधिनियम की धारा 41 (3) के तहत आयुक्त द्वारा की गई इस नियुक्ति को पूरी तरह से नियमों के खिलाफ और गलत करार दिया।
इस प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बेहद आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए, उन्होंने मनपा आयुक्त की सीट पर बैठे अतरिक्त आयुक्त राहुल गेटे से सवाल किया की आखिर किस नियम के आधार पर मनपा आयुक्त ने भागवत डोईफोडे की नियुक्ति का फैसला लिया? जो अधिकार परिवहन समिति को है, उन स्वायत्त अधिकारों में आयुक्त द्वारा इस तरह हस्तक्षेप करने का उन्हें किसने अधिकार दिया? और क्या यह नियुक्ति नियमानुसार की गयी है ?
सागर नाईक के इस कड़े तेवर और कलेवर को देखते हुए, सभागृह में सन्नाटा पसर गया, नियमों की जानकारी देने के लिए , कई चिट्ठियां आयी… आयुक्त की अनुपस्थिति में उनकी सीट पर बैठे अतरिक्त आयुक्त राहुल गेटे जवाब न दे पाए…. और आखिरकार उन्होंने सभाग्रह के सामने आधिकारिक तौर पर प्रशासन की भूल स्वीकार की।
उन्होंने माना कि नियमों के तहत प्रशासन के पास परिवहन समिति के इस मामले में हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं था और इस नियुक्ति में प्रशासन से चूक करार दिया। जिसके बाद उमाकांत जंगले की परिवहन प्रबंधक के रूप में नियुक्ति के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया गया।
प्रशासन ने सभा को दिशा भूल करने का प्रयास किया, आयुक्त से आग्रह है की वह दूसरे के अधिकार में हस्तक्षप न करे। : सागर नाईक – सभागृह नेता (नवी मुंबई मनपा)












Leave a Reply