मुंबई महानगर के मुख्य प्रवेश द्वारों, वाशी नाका और ऐरोली नाका क्षेत्र का अब पर्यावरणीय और सौंदर्यात्मक दृष्टिकोण से कायाकल्प होने जा रहा है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने इन दोनों महत्वपूर्ण प्रवेश द्वारों पर पर्यावरण-अनुकूल और आकर्षक ग्रीन ज़ोन विकसित करने का एक महत्वाकांक्षी उपक्रम शुरू किया है। मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने वाशी और ऐरोली नाका क्षेत्र का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरे के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राजमार्ग के दोनों ओर सुनियोजित तरीके से वृक्षारोपण कर हरित क्षेत्र विकसित करने के निर्देश दिए। आगामी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 5 जून को मेयर द्वारा पौधारोपण कर इस भव्य अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।
➤ वृक्षारोपण में रंग-बिरंगे फूलों के पौधों को दी जाएगी प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान महापौर रितु तावड़े ने कहा, “वाशी और ऐरोली नाके से रोजाना हजारों वाहनों और नागरिकों की भारी आवाजाही होती है। इसलिए इस क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। इस परियोजना के तहत राजमार्ग के किनारे उगी अनावश्यक झाड़ियों, घास और खरपतवार को हटाकर पूरे क्षेत्र को साफ किया जाएगा।” उन्होंने बताया कि इस ग्रीन बेल्ट को अधिक आकर्षक और खूबसूरत बनाने के लिए वृक्षारोपण में रंग-बिरंगे फूलों के पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्य रूप से ‘पिंक टेब्यूबिया’ और ‘पीला बहावा’ जैसे खूबसूरत पेड़ों को बड़े पैमाने पर लगाया जाएगा। इस घनी हरियाली से क्षेत्र में धूल और वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी, जिससे हवा की गुणवत्ता सुधरेगी और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण मिलेगा।
➤ पूर्वी एक्सप्रेसवे पर होगा विशेष पौधरोपण
इस सुशोभीकरण अभियान के तहत पूर्वी एक्सप्रेसवे पर भी विशेष पौधरोपण किया जाएगा। महापौर ने पंतनगर से मुलुंड के बीच खाड़ी के किनारे खाली पड़ी जमीनों पर मनपा के ‘एन’, ‘एस’ और ‘टी’ इन तीनों प्रशासनिक वार्डों की सीमा में ‘पीले बहावा’ के विशेष पौधे लगाने के निर्देश दिए हैं। खाड़ी के किनारे बहार बिखेरने वाली यह ग्रीन बेल्ट मुंबई की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ कार्बन सोखने की प्रक्रिया को बढ़ावा देगी और पक्षियों व अन्य जीवों के लिए एक बेहतरीन प्राकृतिक आवास तैयार करेगी।
इस निरीक्षण दौरे में वार्ड समिति अध्यक्ष खैरनुसा हुसैन, उपायुक्त संध्या नांदेडकर, संतोषकुमार धोंडे, विभागीय वन अधिकारी दीपक खाड़े, ‘T’ वार्ड की सहायक आयुक्त योगिता कोल्हे सहित उद्यान, पुल और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
➤ जनभागीदारी से अभियान को सफल बनाने की अपील
महापौर रितु तावड़े ने आह्वान किया है कि यह उपक्रम केवल मनपा तक सीमित न रहकर जनभागीदारी से सफल बनाया जाए। उन्होंने सरकारी विभागों, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और पर्यावरण प्रेमियों से इस मुहिम में एक साथ आने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘हरित मुंबई’ के संकल्प को मजबूत करने वाला यह कदम भविष्य में मुंबई के लिए एक आदर्श मॉडल साबित होगा।












Leave a Reply