मुंबई
मानसून दस्तक दे चूका है और इस दौरान मुंबईवासियों, विशेषकर निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों और वाहन चालकों को जलजमाव या भारी ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए बृहन्मुम्बई मनपा प्रशासन द्वारा किए जा रहे मानसून-पूर्व कामों की समीक्षा करना और उन पर पैनी नजर रखना बेहद जरूरी है। इसी के मद्देनजर, मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने गोवंडी के घाटकोपर-मानखुर्द लिंक रोड पर स्थित महावीर प्लेनेटियम टॉवर के पास ‘सुभाष नगर नाले’ के साफ सफाई के काम का प्रत्यक्ष निरिक्षण दौरा किया। उन्होंने वहां की जमीनी स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया और चल रहे काम की विस्तृत समीक्षा की।
महापौर रितु तावड़े ने मौके पर मौजूद संबंधित ठेकेदारों और मनपा अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि मानसून की पहली भारी बारिश होने से पहले नाले से गाद निकालने का काम 100% पूरी क्षमता और तेज गति के साथ मुकम्मल किया जाए। चूंकि यह हिस्सा मुख्य सड़क से जुड़ा हुआ है, इसलिए यहां पानी जमा होने पर बहुत बड़ा ट्रैफिक जाम लग सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने अधिकारियों को सुनिश्चित करने के लिए कहा कि नाले का प्रवाह कहीं भी बाधित न हो और बारिश के पानी का निकास तेजी से हो।
महापौर ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि नाले की सफाई केवल ऊपरी तौर पर दिखाने के लिए न हो, बल्कि वास्तव में नाले के तल में जमा पूरी गाद और कचरे को बाहर निकाला जाना चाहिए। उन्होंने साफ किया कि काम की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर प्रशासन की पूरी नजर है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।












Leave a Reply