मानसून पूर्व नाला सफाई कार्यों का जायजा लेने सड़कों पर उतरीं महापौर डिंपल मेहता

मानसून पूर्व नाला सफाई कार्यों का जायजा लेने सड़कों पर उतरीं महापौर डिंपल मेहता

मीरा-भाईंदर :
आगामी मानसून के दौरान शहर में जलभराव की समस्या से निपटने और नागरिकों को राहत देने के लिए मीरा-भाईंदर की महापौर डिंपल मेहता ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। हाल में महापौर ने शहर के विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख नालों का सघन निरीक्षण दौरा किया। उन्होंने भाईंदर पश्चिम स्थित राधास्वामी सत्संग नाले से अपने दौरे की शुरुआत की, जिसके बाद डी. बी. रियल्टी परिसर, मीरा पूर्व के रेलवे समांतर नाले, जाफरी खाड़ी, पेणकर पाडा, बापा सीताराम परिसर, महामार्ग (हाईवे) से सटे लक्ष्मी बाग व मीनाक्षी नगर के नाले, साई पैलेस परिसर, जे. पी. इन्फ्रा, टाटा पावर हाउस नाला, और भाईंदर पूर्व के एस. एन. कॉलेज परिसर सहित रेलवे समांतर नालों की सफाई व्यवस्था का प्रत्यक्ष जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर डिंपल मेहता ने मनपा अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि मानसून में कहीं भी पानी जमा न हो, इसके लिए नाला सफाई के कामों को पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों की गहराई से सफाई की जाए और नालों से निकाला गया कीचड़ व गाद को तुरंत वहां से हटाया जाए ताकि वह दोबारा बहकर नाले में न जाए।

महापौर ने आश्वस्त किया कि शहर का हर इलाका मानसून के लिए पूरी तरह तैयार रहे, नागरिकों को कोई असुविधा न हो और संभावित बाढ़ जैसी स्थिति को टाला जा सके, इसके लिए महानगरपालिका प्रशासन युद्ध स्तर पर काम कर रहा है।

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण दौरे में महापौर के साथ उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटील, स्थायी समिति के सभापति हसमुख गहलोत, कार्यकारी अभियंता नितिन मुकणे सहित उप-अभियंता, स्वच्छता निरीक्षक और कनिष्ठ अभियंता भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *