नवी मुंबई:
ऐरोली के प्रभाग क्रमांक 5 अंतर्गत आने वाले विभिन्न सेक्टरों में पिछले कई महीनों से जारी गंभीर बिजली संकट को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी असंतोष का बादल मंडरा रहा है। इस विकट समस्या को लेकर स्थानीय नगरसेविका श्रेया सुदर्शन जिरगे सहित प्रभाग क्रमांक ५ के अन्य नगरसेवकों ने महाराष्ट्र राज्य के वनमंत्री तथा पालघर जिले के पालकमंत्री गणेशजी नाईक से मंत्रालय में मुलाकात कर अपनी शिकायतों का ज्ञापन उन्हें सौपा।
इस दौरान श्रेया जिरगे द्वारा सौंपे गए पत्र के अनुसार, ऐरोली प्रभाग क्रमांक 5 के अंतर्गत आने वाले सेक्टर 5, 6, 7, 8, 8-ए, 9, 10, 14 और 15 जैसे घने रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से अघोषित और बार-बार बिजली कटौती हो रही है। वार्ड में आए दिन होने वाले तकनीकी फॉल्ट, वोल्टेज में भारी उतार-चढ़ाव, बार-बार ट्रिपिंग होना और कई-कई घंटों तक बिजली गुल रहना अब आम बात हो गई है। इस दोहरी मार का सबसे ज्यादा असर परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, गृहणियों, वर्क फ्रॉम होम करने वाले कर्मचारियों, स्थानीय व्यापारियों और लघु उद्योगपतियों पर पड़ रहा है, जिन्हें भारी मानसिक और आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ज्ञापन में आगे कहा गया की इस बिजली संकट के पीछे मुख्य कारण महावितरण के बुनियादी ढांचे का पुराना होना है। पत्र में इस बात पर विशेष ध्यान आकर्षित किया गया है कि इस क्षेत्र की अधिकांश विद्युत लाइनें, भूमिगत केबल और वितरण प्रणालियां करीब 20 से 25 वर्ष पुरानी हैं, जिनकी कार्यक्षमता अब पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। ऐरोली में तेजी से बढ़ती आबादी, नए आवासीय और व्यावसायिक परिसरों के निर्माण के कारण बिजली की मांग में भारी इजाफा हुआ है, लेकिन मौजूदा बुनियादी ढांचा इसे संभालने में पूरी तरह अक्षम साबित हो रहा है।
इसके अलावा, क्षेत्र में लगे मौजूदा ट्रांसफार्मर भी ओवरलोडिंग की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि यदि यह परिस्थिती नहीं बदली, तो आगामी दिनों में पूरी बिजली व्यवस्था ठप हो सकती है।
जनप्रतिनिधियों ने मंत्री गणेश नाईक से मांग की है कि वे महावितरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तत्काल एक समन्वय बैठक बुलाएं और प्रभाग में जर्जर विद्युत लाइनों को बदलने तथा उच्च क्षमता के नए ट्रांसफार्मर लगाने के आदेश जारी करें ताकि नागरिकों को इस भीषण समस्या से स्थायी रूप से राहत मिल सके।
इस गंभीर समस्या को लेकर गणेश नाईक ने तत्काल महावितरण के वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर समस्या निवारण और जल्द इस संबंध में संयुक्त बैठक बुलाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर नगरसेविका श्रेया जिरगे के साथ नगरसेविका रेशमा मढवी, नगरसेवक शिवाजी खोपडे, बंडू केनी, समाजसेवक राजेश मढवी आदि उपस्थित थे.












Leave a Reply