मुंबई: मुंबई के ऐतिहासिक और विश्व प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी और अच्छी खबर है। मंदिर परिसर को अधिक भव्य, सुंदर और दर्शन-अनुकूल बनाने के लिए सरकार ने एक विशेष सौंदर्यीकरण परियोजना हाथ में ली है। इस परियोजना के पहले चरण के कार्यों का भूमिपूजन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “श्री सिद्धिविनायक मंदिर में देश और दुनिया के कोने-कोने से श्रद्धालु बप्पा के दर्शन के लिए आते हैं। हमारी प्राथमिकता यह है कि यहाँ आने वाले हर भक्त को बेहद सुलभ, सुरक्षित और कम से कम समय में दर्शन प्राप्त हो सकें। इसी उद्देश्य से मंदिर परिसर में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। इस सौंदर्यीकरण परियोजना के पूरा होने के बाद पूरे सिद्धिविनायक मंदिर परिसर का कायाकल्प हो जाएगा और इसे एक नया व भव्य रूप मिलेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस परियोजना से भक्तों को न केवल बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि मंदिर परिसर का वातावरण भी अधिक दिव्य और प्रसन्नचित्त बनेगा।
इस महत्वपूर्ण भूमिपूजन समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास के अध्यक्ष सदानंद शंकर सरवणकर, विधायक कालिदास कोलंबकर, विधायक प्रसाद लाड, मुंबई की महापौर रितु तावड़े, उपमहापौर संजय घाडी और सिद्धिविनायक मंदिर न्यास के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी समेत न्यास के सभी माननीय ट्रस्टी और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।












Leave a Reply