नवी मुंबई: महाराष्ट्र राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष मुकेश सारवान की अध्यक्षता में नवी मुंबई महानगरपालिका (NMMC) मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में सफाई कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न और संवेदनशील मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष मुकेश सारवान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की असली रीढ़ हैं, इसलिए उनके कल्याण के लिए बनाई गई शासन की सभी योजनाओं को जमीनी स्तर पर सख्ती से लागू किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष ने सफाई कर्मचारी संगठनों और स्वयं कर्मचारियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। विभिन्न संगठनों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए सारवान ने मनपा प्रशासन को कड़े निर्देश दिए कि उठाए गए सभी विषयों और मांगों पर आगामी एक महीने के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आयोग के समक्ष प्रस्तुत की जाए।
बैठक के दौरान सफाई कर्मचारियों को मिलने वाले धुलाई भत्ते का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इसके साथ ही कर्मचारियों के लिए बेहतर आवास व्यवस्था, समय पर वेतन भुगतान करने जैसे बुनियादी मुद्दों पर भी गंभीरता से चर्चा की गई।
उपाध्यक्ष मुकेश सारवान ने शख्त रुख अख्तियार करते हुए कहा कि आयोग सफाई कर्मचारियों के न्याय और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि भविष्य में किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय होने या नियमों की अनदेखी की बात सामने आई, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस उच्च स्तरीय बैठक में महानगरपालिका के वरिष्ठ अधिकारी, सफाई कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।












Leave a Reply