नवी मुंबई | प्रतिनिधि
रबाले स्थित ‘पीएम श्री राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज विद्यालय’ आज सिर्फ ज्ञान का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कारों की पूंजी और प्रत्यक्ष अनुभवों के माध्यम से शिक्षा देने वाला एक आदर्श विद्यालय बनकर उभरा है। “हाँ, यह संभव है, परिवर्तन… शिक्षा से समृद्धि की ओर” के ब्रीद वाक्य के साथ, यह विद्यालय विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान दे रहा है। इसी कड़ी में, ‘चिल्ड्रन्स राइट्स एंड यू’ (CRY) संस्था के सहयोग और अभिभावकों की सहमति से, हर साल की तरह इस वर्ष भी विद्यालय के 600 से अधिक नवी मुंबई मनपा ‘पीएम श्री राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज विद्यालय’ के छात्र-छात्राओं के लिए मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल मैच देखने हेतु एक विशेष ‘एजुकेशन ट्रिप’ का आयोजन किया गया।
स्टेडियम में जाकर लाइव मैच देखना हर खेल प्रेमी का सपना होता है, और ऐसे में साधारण परिवारों से आने वाले इन बच्चों के लिए वानखेड़े स्टेडियम की दर्शक दीर्घा में बैठकर मैच का रोमांच महसूस करना किसी सुनहरे सपने के सच होने जैसा था। इस बेहद खास और रोमांचक मौके पर पूर्व नगरसेविका डॉ. गौतमी सोनवणे ने विद्यार्थियों से मुलाकात कर उन्हें इस शैक्षणिक यात्रा की ढेरों शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर स्कूल की मुख्याध्यापिका स्नेहल विशे, शिक्षकगण, नॉन-टीचिंग स्टाफ और बड़ी संख्या में बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे, जो बच्चों के चेहरों पर खुशी देख बेहद भावुक और उत्साहित नजर आए।
नीता अंबानी के साथ वायरल हुई थीं तस्वीरें
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी इसी विद्यालय के विद्यार्थी रिलायंस समूह की प्रमुख नीता अंबानी के साथ स्टेडियम में मैच देखते हुए नजर आए थे, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं। इस साल भी विद्यार्थियों में वही उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।
विद्यालय का ध्यान केवल खेलकूद तक ही सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रुचि पैदा करने के उद्देश्य से पिछले दो महीनों में स्कूल के लगभग 2,000 विद्यार्थियों को ‘नेहरू साइंस सेंटर’ का दौरा भी करवाया गया है। इसके अलावा छात्रों में ‘क्रिटिकल थिंकिंग’ और ‘प्रॉब्लेम सॉल्विंग’ जैसे आधुनिक कौशलों का विकास करने के लिए यह अनूठा स्कूल छुट्टियों के दिनों में भी प्रतियोगी परीक्षाओं और छात्रवृत्ति परीक्षाओं हेतु अतिरिक्त कक्षाएं आयोजित करता है। वही साल के 365 दिन निरंतर कार्यरत रहकर छात्रों के सर्वांगीण विकास को गति भी दे रहा है।
लीक से हटकर किए जाने वाले इन अभिनव उपक्रमों और विद्यार्थियों को मिलने वाले इन शानदार अनुभवों के पीछे नवी मुंबई के पूर्व महापौर सुधाकर सोनवणे के अथक प्रयास और दूरदर्शी सोच निहित है। उन्होंने ही “हाँ, यह संभव है, परिवर्तन… शिक्षा से समृद्धि की ओर” के विचारधारा के तहत स्कुल में छात्रों के दाखिले से लेकर, निजी स्कूलों की भांति अत्याधुनिक शिक्षा मुहैय्या करवाने के लिए विभिन्न गैरसरकारी संस्थाओं से हाथ मिलाकर, हजारों वंचित व सामान्य वर्ग के छात्रों के भविष्य को बदलने का भगीरथ कार्य किया है, और छात्रों को मिल रहे ये अनोखे अवसर उसी का एक जीवंत उदाहरण हैं।













Leave a Reply