नवी मुंबई को मिलेगा प्रदूषण से छुटकारा; सागर नाईक ने पेश किया 18 महीने का ‘विशेष एक्शन प्लान’

  • एमएमआर क्षेत्र में पहली बार किसी मनपा की ऐसी ठोस पहल; 70 पन्नों की एसओपी (SOP) तैयार
  • अगली महासभा में बाई-लॉज मंजूरी के लिए होगा पेश

नवी मुंबई | मोनिका भोसले
शहर की बिगड़ती वायु गुणवत्ता को सुधारने और प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए नवी मुंबई महानगरपालिका ने अब आर-पार की जंग छेड़ दी है। मनपा सभागृह नेता सागर नाईक ने शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ‘वायु प्रदूषण उन्मूलन एवं वायु गुणवत्ता सुधार कार्यक्रम’ (Air Pollution Eradication and Air Quality Improvement Policy) के तहत 18 महीने की एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की है।

सागर नाईक ने बताया कि नवी मुंबई का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) वर्तमान में चिंताजनक स्तर पर है। इसी को ध्यान में रखते हुए, राज्य के वनमंत्री व विधायक गणेश नाईक के मार्गदर्शन में पिछले काफी समय से इस गंभीर समस्या पर काम किया जा रहा था। इस विशेष अभियान के लिए 70 पन्नों की एक विस्तृत एसओपी (SOP) तैयार की गई है, जो नवी मुंबई के नागरिकों को स्वच्छ हवा देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

एक्शन प्लान की मुख्य विशेषताएं:
सागर नाईक द्वारा प्रस्तावित इस 18 महीने के रोडमैप में प्रदूषण के स्रोतों पर प्रहार करने के लिए कई आधुनिक तकनीक और कड़े नियमों का समावेश किया गया है:

निगरानी तंत्र: शहर के 9 प्रमुख स्थानों पर वायु प्रदूषण की बारीकी से जांच की जाएगी। इसके लिए एक समर्पित AIR Quality Monitoring कमेटी और Environmental Data Analysis सेंटर की स्थापना होगी।

एयर बैलून तकनीक: शहर की सीमाओं पर बाहरी क्षेत्रों से आने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए विशेष “एयर बैलून” (एयर मॉनिटरिंग सिस्टम) तैनात किए जाएंगे।

धूल नियंत्रण: सड़कों की रोजाना सफाई के साथ-साथ सड़क किनारे लगे पेड़ों पर नियमित पानी का छिड़काव किया जाएगा। निर्माण स्थलों पर धूल उड़ने से रोकने के लिए नियमों को सख्त किया जाएगा।

सख्त कार्रवाई: खुले में मलबे और मिट्टी ढोने वाले वाहनों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई होगी।

एमएमआर रीजन में अपनी तरह की पहली पहल
सभागृह नेता सागर नाईक ने गौरव के साथ उल्लेख किया कि MMR (मुंबई महानगर क्षेत्र) में नवी मुंबई पहली ऐसी महानगरपालिका है जिसने इस स्तर का वैज्ञानिक और प्रशासनिक एक्शन प्लान तैयार किया है। उन्होंने कहा, “एक्शन प्लान तैयार है और अब इसके प्रभावी क्रियान्वयन (Enforcement) के लिए विशेष बायलॉस बनाए जा रहे हैं, जिन्हें अगली महासभा की बैठक में अंतिम मंजूरी के लिए रखा जाएगा।”

“हमारा लक्ष्य नवी मुंबई के नागरिकों को एक स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण प्रदान करना है। यह 18 महीने की कार्ययोजना केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर बदलाव लाएगी।”
— सागर नाईक, सभागृह नेता (न.मु.म.पा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *