नवी मुंबई | प्रतिनिधि
‘नशा मुक्त नवी मुंबई’ अभियान को तेज करते हुए नवी मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया। इन ड्रग्स की कुल अनुमानित कीमत ₹18.63 करोड़ बताई जा रही है। यह कदम शहर और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते नशे के कारोबार पर सख्त रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है। पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे के अनुसार, नष्ट किए गए ड्रग्स में एमडी (मेफेड्रोन), चरस, गांजा, कोकीन और अन्य प्रतिबंधित पदार्थ शामिल थे। ये सभी बरामदगियां पिछले कुछ समय में अलग-अलग अभियानों के दौरान की गई थीं। कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत दर्ज मामलों के तहत की गयी।
बता दे की नवी मुंबई पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे ने स्थानीय स्तर पर प्रवर्तन को मजबूत करने के लिए, आयुक्त कार्यालय के अंतर्गत प्रत्येक पुलिस स्टेशन में अलग-अलग एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड (एएनएस) का गठन किया गया है, जो खुफिया जानकारी जुटाने, मुखबिरों के नेटवर्क को मजबूत करने, नियमित निरीक्षण करने और स्कूलों, कॉलेजों, होटलों, लॉजों, पबों, बारों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त करने पर ध्यान केंद्रित करते हैं। जिसके फलस्वरूप नवी मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है.
अधिकारियों के अनुसार, ड्रग्स को कोर्ट की अनुमति और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अधिकृत स्थल पर नष्ट किया गया। इस प्रक्रिया के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, मजिस्ट्रेट और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इस तरह की सख्त कार्रवाई से न केवल ड्रग तस्करों को कड़ा संदेश जाता है, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास की भावना भी मजबूत होती है। आने वाले समय में भी नशे के कारोबार के खिलाफ इसी तरह की मुहिम जारी रहेगी।















Leave a Reply