नवी मुंबई (प्रतिनिधि): देश के सबसे स्वच्छ शहरों की ‘सुपर स्वच्छ लीग’ में शामिल नवी मुंबई को और अधिक सुंदर बनाने के लिए नागरिकों की भागीदारी सदैव अनुकरणीय रही है। इसी कड़ी में, महाराष्ट्र भूषण डॉ. श्री. नानासाहेब धर्माधिकारी जी की जयंती के उपलक्ष्य में उनके प्रतिष्ठान और नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा एक ‘महा स्वच्छता अभियान’ का आयोजन किया गया। इस अभियान के माध्यम से श्रीसदस्यों ने अपने गुरु डॉ. नानासाहेब धर्माधिकारी के प्रति सेवाभावी आदरांजली अर्पित की।
इस महास्वच्छता अभियान में प्रतिष्ठान के 2710 श्रीसदस्यों के साथ-साथ महापौर सुजाता सूरज पाटील, उपमहापौर दशरथ भगत, अतिरिक्त आयुक्त सुनील पवार, नगरसेवक निशांत भगत और मनपा के स्वच्छता अधिकारियों सहित कुल 3500 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान लगभग 118.45 किलोमीटर क्षेत्र की सफाई की गई और 10,885 किलोग्राम कचरा एकत्रित कर उसका निस्तारण किया गया।
यह मुहिम नवी मुंबई के 26 गावठान क्षेत्रों और 5 महानगरपालिका अस्पतालों के परिसरों में चलाई गई। कुकशेत गांव में आयोजित मुहिम में शामिल होते हुए महापौर सुजाता पाटील ने कहा, “डॉ. नानासाहेब धर्माधिकारी जी की जयंती पर श्रीसदस्यों द्वारा चलाया गया यह अभियान परमार्थ और सेवाभाव का अनूठा संगम है। अपने गुरु के प्रति आदर व्यक्त करने का यह तरीका समाज के लिए प्रेरणादायी रहा।
वाशी गांव में श्रमदान करते हुए उपमहापौर दशरथ भगत ने कहा कि डॉ. नानासाहेब धर्माधिकारी ने अपने विचारों से लोगों के मन स्वच्छ किए हैं, जिसका परिणाम आज सड़कों पर दिख रहा है। वहीं, अतिरिक्त आयुक्त सुनील पवार ने प्रतिष्ठान के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि जनसहयोग के बिना स्वच्छता का लक्ष्य प्राप्त करना असंभव है।
यह महा-स्वच्छता अभियान न केवल स्वच्छता का संदेश दे गया, बल्कि सामाजिक एकजुटता की एक नई मिसाल भी पेश की।
















Leave a Reply