महासभा में गूंजा सिवूड्स भूखंड का मुद्दा; नगरसेवक विशाल विचारे की अस्पताल बनाने की मांग

नवी मुंबई | प्रतिनिधि  

नवी मुंबई महानगरपालिका की महासभा बैठक में उबाठा गुट के नगरसेवक विशाल विचारे ने सीवुड्स क्षेत्र में लंबित पड़े भूखंड का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने बताया कि सीवुड्स में कई वर्ष पूर्व अस्पताल निर्माण के लिए सिडको द्वारा ‘सावला ट्रस्ट’ को भूखंड आवंटित किया गया था, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद आज तक वहां कोई ठोस विकास कार्य को अंजाम नहीं दिया गया और भूखंड आज भी खाली पड़ा है।

विचारे ने कहा कि इस संबंध में बार-बार शिकायतों के बावजूद ट्रस्ट की ओर से कोई स्पष्ट भूमिका सामने नहीं आई है। ऐसे में महानगरपालिका को सिडको के साथ पत्राचार कर उक्त भूखंड अपने कब्जे में लेना चाहिए और उस स्थान पर आधुनिक अस्पताल का प्रस्ताव तैयार करना चाहिए।

उनका मानना है कि इससे सीवुड्स और आसपास के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही उन्होंने मनपा अस्पतालों में ‘नाइट ओपीडी’ शुरू करने की भी महत्वपूर्ण मांग की। 

इन दोनों ही मुद्दे पर मनपा आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे ने कहा कि महानगरपालिका इस भूखंड के संबंध में प्रयासरत है, लेकिन फिलहाल यह मामला न्यायालय में लंबित है, मनपा अस्पतालों में ‘नाइट ओपीडी’ शुरू करने के मामले में आयुक्त ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि यह प्रस्ताव प्रशासन के पास विचाराधीन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *