वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नवी मुंबई में व्यापक सघन स्वच्छता अभियान सायन–पनवेल महामार्ग सहित कई क्षेत्रों में ‘डीप क्लीनिंग ड्राइव’


नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न उपाय किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सायन–पनवेल महामार्ग पर नियमित रूप से डीप क्लीनिंग ड्राइव चलाई जा रही है। तुर्भे विभाग कार्यालय क्षेत्र के अंतर्गत सायन–पनवेल महामार्ग तथा सानपाड़ा–तुर्भे दत्त मंदिर परिसर में सघन स्वच्छता अभियान चलाकर धूल-मिट्टी की सफाई कर उसे हटाया गया, ताकि वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

यह अभियान डॉ. कैलास शिंदे के निर्देशानुसार चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त आयुक्त सुनील पवार, उप आयुक्त सोमनाथ पोटरे, घनकचरा व्यवस्थापन विभाग के उप आयुक्त डॉ. अजय गडदे, तुर्भे विभाग के सहायक आयुक्त एवं विभाग अधिकारी सागर मोरे तथा मुख्य स्वच्छता अधिकारी राजेंद्र इंगळे के मार्गदर्शन में किया गया। स्वच्छता अधिकारियों और निरीक्षकों की निगरानी में यह कार्य संपन्न हुआ।

इसी के साथ विभिन्न क्षेत्रों में जनभागीदारी पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। कोपरखैरणे विभाग कार्यालय के माध्यम से इस्कॉन एलिवेटर्स प्रा. लि. के सहयोग से एमआईडीसी महापे स्थित इलेक्ट्रिक जोन में संयुक्त सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में कंपनी के निदेशक शामी कुनेल, उपाध्यक्ष लता नाम्बीयार, महादेव राउत सहित कंपनी के 100 से अधिक कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई।

अभियान के दौरान कोपरखैरणे विभाग की टीम ने मिलकर 150 किलोग्राम से अधिक कचरा एकत्रित किया।इसी प्रकार, दिघा विभाग क्षेत्र में कन्हैया नगर से इलठणपाड़ा कच्चे मार्ग तक तथा वाशी विभाग क्षेत्र में वाणिज्य क्षेत्र, सेक्टर 30-ए, वाशी में भी सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया। महानगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *