वन मंत्री गणेश नाईक ने दिल्ली पब्लिक स्कूल (सीवूड्स) को दी भेंट

नवी मुंबई। मोनिका भोसले (प्रतिनिधि)
राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक ने सीवूड्स स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीवूड्स का दौरा कर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षण पद्धतियों और समग्र कार्यप्रणाली की समीक्षा की। विद्यार्थियों की ओर से मंत्री गणेश नाईक का अत्यंत रचनात्मक और अभिनव तरीके से स्वागत किया गया। विद्यार्थियों की इस सर्जनशीलता की मंत्री ने विशेष रूप से सराहना की।

इस दौरान वन मंत्री ने विद्यालय में उपलब्ध आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, विद्यार्थियों को प्रदान किए जा रहे वैश्विक स्तर के शिक्षण और लागू की गई नवोन्मेषी शिक्षण पद्धतियों का बारीकी से निरीक्षण किया। यह दौरा केवल औपचारिक नहीं रहा, बल्कि मंत्री गणेश नाईक ने विद्यार्थियों के बीच जाकर उनसे शिक्षा से जुड़े विषयों पर खुलकर बातचीत की, जिससे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बन गया।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंत्री गणेश नाईक के हाथों विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर उन्होंने “पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ” का संदेश देते हुए विद्यार्थियों से इसे व्यवहार में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना समय की आवश्यकता है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच. एस. वशिष्ठ, नवी मुंबई महानगरपालिका की शिक्षा विभाग के उपायुक्त संघरत्न खिल्लारे सहित विद्यालय का शिक्षक वर्ग उपस्थित थे।\

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *