स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवकों और मनपा के साझा प्रयास से सरसोले जेट्टी हुआ कचरा मुक्त

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत नवी मुंबई को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने के उद्देश्य से शहर में विभिन्न उपक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में नवी मुंबई मनपा, एनवायरनमेंट लाइफ फाउंडेशन और मैंग्रोव सोल्जर संस्था के संयुक्त तत्वावधान में पाम बीच रोड स्थित सारसोले जेट्टी के खाड़ी किनारे विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

नवी मुंबई मनपा आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में अतिरिक्त आयुक्त सुनील पवार, उपायुक्त सोमनाथ पोटरे और डॉ. अजय गडदे सहित बेलापुर और नेरुल विभाग के सहायक आयुक्तों ने सक्रिय भूमिका निभाई। मुख्य स्वच्छता अधिकारी राजेंद्र इंगले और उनकी टीम के नेतृत्व में स्वच्छता निरीक्षकों और उप-निरीक्षकों ने स्थानीय नागरिकों और संस्थाओं के साथ मिलकर इस मुहिम को सफलतापूर्वक संपन्न किया।

इस विशेष अभियान में ‘एनवायरनमेंट लाइफ फाउंडेशन’ के अध्यक्ष धर्मेश बरई और ‘मैंग्रोव सोल्जर’ के सदस्यों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। उनके साथ क्षेत्र के प्रतिष्ठित महाविद्यालयों के 200 से अधिक एनएसएस (NSS) स्वयंसेवकों ने श्रमदान किया। इस अभियान में मॉडर्न कॉलेज वाशी, एसआईईएस नेरुल, एमजीएम कलंबोली और रामशेठ ठाकुर कॉलेज पनवेल जैसे कई संस्थानों के स्वच्छतादूतों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

श्रमदान के माध्यम से खाड़ी किनारे से २५० से अधिक बोरी प्लास्टिक बोतलें और थर्माकोल जैसा हानिकारक कचरा एकत्रित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छ सर्वेक्षण के उद्देश्यों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वच्छता की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई, ताकि पर्यावरण संरक्षण का यह संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुँच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *