नवी मुंबई पुलिस के मनोबल को बढ़ाने और बल में मौजूद प्रतिभावान खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से, पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे के विशेष मार्गदर्शन में आयोजित 29वीं नवी मुंबई विभागीय वार्षिक पुलिस क्रीड़ा स्पर्धा 2025 का भव्य समापन कलंबोली स्थित पुलिस मुख्यालय के खेल मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
समापन समारोह में सह पुलिस आयुक्त संजय येनपुरे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ अप्पर पुलिस आयुक्त दीपक साकोरे, उपायुक्त संजय कुमार पाटिल, परिमंडल-1, परिमंडल-2, परिमंडल-3 के अधिकारी, सहायक पुलिस आयुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और खिलाड़ी उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत बैंड पथक द्वारा मान्यवरों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद परिमंडल और मुख्यालय के खिलाड़ियों ने जोशपूर्ण संचलन करते हुए मैदान में शानदार अनुशासन और ऊर्जा का प्रदर्शन किया। सह पुलिस आयुक्त संजय येनपुरे ने परेड को सलामी देकर खिलाड़ियों में नए उत्साह का संचार किया।
समापन पुरुष और महिला वर्ग की 100 मीटर फाइनल रेस के साथ हुआ। विजेता खिलाड़ियों को मान्यवरों के हाथों सम्मानित किया गया। इसके बाद रिट्रीट और स्लो फ्लैग मार्च के साथ प्रतियोगिता का भव्य समापन किया गया।
इस अवसर पर सह पुलिस आयुक्त संजय येनपुरे ने बताया कि—“इस प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी अब रत्नागिरी रेंज प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, और वहां से चयनित खिलाड़ी आगे अखिल भारतीय पुलिस क्रीडा स्पर्धा में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।”














Leave a Reply