नवी मुंबई : आगामी गणेशोत्सव और ईद-ए-मिलाद को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से नवी मुंबई पुलिस ने विशेष समन्वय बैठक आयोजित की। यह बैठक वाशी सेक्टर-6 स्थित साहित्य मंदिर सभागृह में परिमंडल 1 के पुलिस उपायुक्त पंकज डहाणे की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में गणेशोत्सव मंडलों के पदाधिकारी, ईद-ए-मिलाद कमिटी सदस्य, शांतता समिति के पदाधिकारी, नवी मुंबई महानगरपालिका, महावितरण, अग्निशमन दल, स्वास्थ्य विभाग, पीडब्ल्यूडी और यातायात पुलिस विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पुलिस उपायुक्त पंकज डहाणे ने उपस्थित सभी को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी दोनों ही त्योहार शहर में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से मनाए जाएँ, इसके लिए पुलिस प्रशासन और अन्य शासकीय विभागों ने आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने सभी मंडलों और समाज के प्रतिनिधियों से प्रशासन को सहयोग देने का भी आवाहन किया।
इस अवसर पर गणेशोत्सव मंडलों और ईद-ए-मिलाद कमिटी के पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव और प्रश्न प्रस्तुत किए तथा पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
बैठक में रबाले विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त राहुल धस, वाशी विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त आदिनाथ बुधवंत, यातायात विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त विजय चौधरी, परिमंडल-1 के सभी पुलिस स्टेशनों के वरिष्ठ अधिकारी, वाशी विभाग के वॉर्ड ऑफिसर सुखदेव येडवे, महावितरण के सहायक अभियंता अरविंद घासे, मनपा के डी.एम.ओ. डॉ. प्रकाश राठौड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
पंकज डहाणे ने कहा कि इस बार सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त, अनुशासन का पालन और शांति के साथ दोनों ही त्योहार मनाए जाएंगे।














Leave a Reply