नवी मुंबई में शिवसेना महिला आघाड़ी ने मनपा समाज विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं को लेकर आयुक्त डॉ.कैलास शिंदे से की मुलाकात 

नवी मुंबई, 5 जुलाई 2025

नवी मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में शिवसेना बेलापुर विधानसभा क्षेत्र की महिला जिल्हा संघटक एवं पूर्व विरोधी पक्षनेता सरोज पाटील के नेतृत्व में नवी मुंबई शिवसेना महिला आघाडी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मनपा आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे से मुलाकात की और महिलाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं व योजनाओं के अनुदानों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए एक ज्ञापन सौंपा।

इस मुलाकात के दौरान सरोज पाटील और महिला शिष्टमंडल ने समाज विकास विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को अधिक प्रभावी और लाभकारी बनाने के उद्देश्य से तीन मुख्य मांगें आयुक्त के समक्ष रखीं।

  1. विधवा महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि में वृद्धि:
       शिष्टमंडल ने मांग की कि विधवा महिलाओं को वर्तमान में दी जा रही ₹25,000 की सहायता राशि को बढ़ाकर ₹1,00,000 किया जाए। साथ ही, इस योजना के लिए निर्धारित 60 वर्ष की आयु सीमा की शर्त को शिथिल किया जाए, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाएं इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
  2. गंभीर बीमारियों से ग्रस्त महिलाओं के लिए सहायता में बढ़ोतरी:
     आर्थिक रूप से कमजोर एवं गंभीर बीमारियों से पीड़ित महिलाओं के लिए उदर-निर्वाह हेतु दी जाने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर ₹1,00,000 तक करने की मांग की गई, ताकि उनके इलाज और जीवन-यापन में सहायता मिल सके।
  3. महिला बचत गटों का सशक्तिकरण:
       पंजीकृत महिला बचत गटों के लिए पूर्व में स्वीकृत अनुदान योजना को पुनः शुरू कर, प्रत्येक समूह को ₹1,00,000 का अनुदान देने की मांग रखी गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि यह सहायता राशि महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगी।

 नवी मुंबई मनपा आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे ने महिला शिष्टमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इन मुद्दों पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित वर्गों, विशेष रूप से महिलाओं के कल्याण के लिए मनपा हमेशा प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी इन प्रयासों को प्राथमिकता दी जाएगी।

यह बैठक महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में नवी मुंबई की महिलाओं को और अधिक लाभ मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *