सीवूड-करावे से भाजपा का ‘घर-घर संपर्क अभियान’ शुरू, जनता से सीधा संवाद !

भारतीय जनसंघ के संस्थापक और राष्ट्रभक्त डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे “घर-घर संपर्क अभियान” के अंतर्गत नवी मुंबई भाजपा के पूर्व युवा जिलाध्यक्ष दत्ता घंगाले तथा अभियान की प्रमुख संयोजक अश्विनी घंगाले के नेतृत्व में सीवुड-करावे मंडल में इस अभियान का शुभारंभ किया गया।

इस अभियान की शुरुआत सीवूड जाट समाज हॉल में जोश और उत्साह के साथ एक भव्य कार्यक्रम के माध्यम से की गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित रहे:

नवी मुंबई भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजेश पाटिल, भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष प्रो. वर्षा भोसले, नवी मुंबई भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामचंद्र घरत, भाजपा उत्तर भारतीय सेल नवी मुंबई के जिलाध्यक्ष राजेश राय, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुधीर जाधव, भाजपा पदाधिकारी मंगला घरत, साथ ही बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सीवुड-करावे मंडल में शुरू हुए इस “घर-घर संपर्क अभियान” का औपचारिक उद्घाटन भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण तथा प्रदेश महामंत्री एवं विधायक विक्रांत पाटील द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अभियान के पत्रक का अनावरण कर इसकी विधिवत शुरुआत की।

अभियान के अंतर्गत उपस्थित मान्यवरों द्वारा भाजपा पदाधिकारियों को “संपर्क पत्रक” वितरित किए गए। इन पत्रकों के माध्यम से प्रभाग के नागरिकों तक भाजपा की नीतियों और योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाएगी। साथ ही “विकसित भारत – विकसित प्रभाग” के संकल्प की पूर्ति के लिए नागरिकों के सुझाव और अपेक्षाएं भी एकत्रित की जाएंगी, जिससे जनभागीदारी के साथ विकास सुनिश्चित किया जा सके।

इस अभियान के शुभारंभ के साथ ही दत्ता घंगाले द्वारा सीवुड-करावे मंडल में एक चौक सभा का भी आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नवी मुंबई जिलाध्यक्ष डॉ. राजेश पाटिल ने भाजपा की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की और इस अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सभा के दौरान वक्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों, बलिदान और राष्ट्रहित में दिए गए उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। साथ ही भाजपा द्वारा किए गए जनसंपर्क और जनकल्याण कार्यों पर विशेष बल देते हुए कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो “जनता” को साथ लेकर विकास की राह प्रशस्त करती है।

इस दौरान उपस्थित मान्यवरों ने दत्ता घंगाले और अश्विनी घंगाले द्वारा सीवुड-करावे मंडल में आयोजित इस अभियान की सराहना करते हुए कहा, “जनता की समस्याओं के समाधान, सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाने तथा नागरिकों की अपेक्षाओं और सुझावों को समझने के लिए यह अभियान अत्यंत प्रभावी और कारगर सिद्ध होगा।”

वहीं, दत्ता घंगाले ने कहा, “प्रभाग का विकास कैसे हो, प्रभाग की समस्याएं क्या हैं और नागरिकों की अपेक्षाएं क्या हैं – यह जानने के लिए आगामी दो महीनों तक चलने वाले इस घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से जानने  की कोशिश कर , जनता की बातों को गंभीरता से लेकर उन्हें अमल में लाने की कोशिश की जाएगी।”


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *