महापौर शर्मिला पिंपळोलकर ने किया गावदेवी सब्जी मंडी का दौरा, दुकानदारों के जल्द पुनर्वास का दिया भरोसा

महापौर शर्मिला पिंपळोलकर ने किया गावदेवी सब्जी मंडी का दौरा, दुकानदारों के जल्द पुनर्वास का दिया भरोसा

ठाणे, प्रतिनिधि

गावदेवी सब्जी मंडी में लगी भीषण आग के बाद ठाणे की महापौर शर्मिला पिंपळोलकर ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दुर्घटना स्थल का प्रत्यक्ष दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस अग्निकांड के कारण मंडी में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ, जिसके बाद प्रभावित गालाधारकों को राहत देने के लिए महानगरपालिका की पूरी मशीनरी पूरी क्षमता के साथ काम करने में जुट गयी है। प्रशासन ने पहले इन दुकानदारों का पुनर्वास 1 जून तक करने की योजना बनाई थी, लेकिन महापौर द्वारा किए गए निरीक्षण के बाद यह बात सामने आई कि काम का दायरा काफी बड़ा है, जिससे तकनीकी रूप से इसे पूरा करने में थोड़ा और समय लग सकता है।

वर्तमान में दुर्घटना स्थल से मलबा हटाने और सिविल कंस्ट्रक्शन से जुड़े काम युद्ध स्तर पर जारी हैं। महापौर ने बताया की ठाणे मनपा का पूरा अमला साफ-सफाई और मरम्मत के काम में जुटा हुआ है ताकि सभी गालाधारकों को जल्द से जल्द बेहतर स्थिति में दुकानें वापस सौंपी जा सकें।

इस दौरे के दौरान महापौर ने प्रभावित सब्जी विक्रेताओं से सीधा संवाद साधकर उनकी समस्याओं और चिंताओं को सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित दुकानदारों को हर संभव मदद, आवश्यक मार्गदर्शन और राहत प्रदान करे, ताकि उनका रोजगार फिर से पटरी पर लौट सके।

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण दौरे के अवसर पर ठाणे के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और मनपा के आला अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें सभागृह नेता हणमंत जगदाळे, शिवसेना गटनेता पवन कदम, नगरसेवक राम रेपाळे, स्थानीय नगरसेवक संजय वाघुले, सुनेश जोशी, नगरसेविका मृणाल पेंडसे शामिल थीं। वहीं प्रशासन की ओर से अतिरिक्त आयुक्त (2) प्रशांत रोडे, उपायुक्त जी.जी. गोदेपुरे, मधुकर बोडके, डॉ. मिताली संचेती, उपनगर अभियंता शुभांगी केसवाणी, सहायक आयुक्त महेशकुमार जामनोर, कार्यकारी अभियंता मोहन कलाल, आपदा प्रबंधन अधिकारी यासीन तडवी और मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीष झळके सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें काम में तेजी लाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *