नेरुल गांव के मेधावी छात्रों और प्रतिभावान नागरिकों का भव्य सम्मान; वन मंत्री गणेश नाईक उपस्थित

नेरुल गांव के मेधावी छात्रों और प्रतिभावान नागरिकों का भव्य सम्मान; वन मंत्री गणेश नाईक उपस्थित

नवी मुंबई:प्रतिनिधि
संकल्प चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष एडवोकेट निरंत पाटिल के नेतृत्व में नेरुल गांव में एक भव्य ‘गुणवंत सत्कार समारोह’ का आयोजन किया गया। इस समारोह में दसवीं और बारहवीं कक्षा के मेधावी छात्रों के साथ-साथ कला, क्रीड़ा, शिक्षा, साहित्य, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों व विशिष्ट नागरिकों को सम्मानित किया गया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक उपस्थित थे। उनके साथ नवी मुंबई की महापौर सुजाता पाटिल, पूर्व सांसद डॉ. संजीव नाईक, नगरसेवक गिरीश म्हात्रे, नगरसेविका प्रीति भोपी, पूर्व उपमहापौर अशोक गावड़े और समाजसेवक अक्षय पाटिल सहित ट्रस्ट के सभी पदाधिकारी, नेरुल गांव के प्रतिष्ठित नागरिक, ग्रामवासी, शिक्षक एवं भारी संख्या में छात्र व अभिभावक मौजूद रहे।

➤ मेधावी छात्रों और विशिष्ट नागरिकों की हुई हौसला-अफजाई
कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री गणेश नाईक ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर नवी मुंबई का नाम गौरवान्वित करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों का भी मंत्री नाईक के हाथों विशेष सत्कार किया गया और उनकी हौसला-अफजाई की गई।

इस अवसर पर विद्यार्थियों से सीधा संवाद साधते हुए वन मंत्री गणेश नाईक ने उनका मार्गदर्शन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। शिक्षा के अलावा खेल, कला और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर नेरुल गांव का नाम रोशन करने वाले विशिष्ट नागरिकों की भी इस मंच से सराहना की गई। इसी के साथ, आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए संकल्प चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से नेरुल गांव के वरिष्ठ (ज्येष्ठ) नागरिकों को वन मंत्री के हाथों छतरियों का वितरण कर उन्हें एक छोटा सा संबल देने का प्रयास किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए वन मंत्री गणेश नाईक ने संकल्प चैरिटेबल ट्रस्ट और उसके अध्यक्ष एडवोकेट निरंत पाटिल की अध्यक्षता में आयोजित इस सामाजिक उपक्रम की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को भविष्य में सफलता के नए शिखर छूने के लिए प्रेरित करने में यह सामाजिक उपक्रम एक मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *